CG News:- चलती गाड़ियों पर पथराव करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार,एक चालक की हुई थी मौत,दुल्हा समेत कई हुए थे घायल,एक माह की जांच के बाद हुआ खुलासा

CG Crime News:- चलती गाड़ियों पर ईंट–पत्थर फेंकने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 20 अप्रैल 2026 की रात ग्राम झाल मेन रोड पर हुई इस घटना में माजदा चालक की मौत हो गई थी, जबकि दूल्हे समेत कई बाराती घायल हुए थे। पुलिस ने 40-50 CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों पंकज कुमार ध्रुव और मोहन निषाद को पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी पंकज अपनी प्रेमिका से मिलने बिल्हा आया था और बाइक से घूमते समय दोनों ने वाहनों पर पत्थरबाजी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Bilaspur बिलासपुर। बिल्हा में चलती गाड़ियों पर ईंट–पत्थर फेंककर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस खौफनाक वारदात में एक माजदा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो में सवार दूल्हे समेत कई बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए थे। करीब एक महीने तक चली जांच, 40 से 50 CCTV फुटेज की बारीकी से पड़ताल और मुखबिर नेटवर्क की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी।
रात 1 बजे हुआ हमला, अनियंत्रित होकर पलटे वाहन
मामला थाना बिल्हा के अपराध क्रमांक 216/2026 से जुड़ा है, जिसमें धारा 110, 103(1), 115(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। घटना 20 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 1 बजे ग्राम झाल मेन रोड और बरतोरी के आगे हुई थी। पुलिस के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने चलती ट्रक, मेटाडोर और स्कॉर्पियो पर ईंट–पत्थर फेंके, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गए। हादसे में माजदा वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि बारात में शामिल कई लोग घायल हो गए।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। प्रार्थी अनवर अली, निवासी बलौदाबाजार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए रजनेश सिंह को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया, जिसके बाद आरोपियों की पतासाजी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
50 CCTV फुटेज ने खोला राज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग ने सिविल टीम के साथ जांच शुरू की। पुलिस ने बिल्हा और आसपास के इलाकों में लगे करीब 40 से 50 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों की जानकारी मिली।
बाइक के पीछे बैठा युवक बन गया ‘पत्थरबाज’
जांच में सामने आया कि बाइक के पीछे बैठा युवक चलते वाहनों पर ईंट और पत्थर फेंक रहा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर पंकज कुमार ध्रुव और मोहन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली।
प्रेमिका से मिलने आया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पंकज कुमार ध्रुव अपनी प्रेमिका से मिलने बिल्हा आया हुआ था। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने बाइक से घूमते हुए सड़क पर गुजर रहे वाहनों को निशाना बनाया और ईंट–पत्थर फेंककर घटना को अंजाम दिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- पंकज कुमार ध्रुव (21 वर्ष), निवासी नयापारा वार्ड क्रमांक 16, टेंगना, जिला धमतरी
- मोहन निषाद (30 वर्ष), निवासी कोहरौदा, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ईंट–पत्थर भी जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को 17 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम और सुमन चंद्रवंशी की अहम भूमिका रही।
Live Cricket Info

