Sushasan Tihar: “मंच से नाम लेने में चूक पड़ी भारी!”… सुशासन तिहार में पंचायत सचिव की चली गई कुर्सी, प्रोटोकॉल उल्लंघन पर CEO का बड़ा एक्शन

Sushasan Tihar:- सुशासन तिहार के दौरान आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में मंच संचालन के समय विभागीय प्रोटोकॉल का पालन नहीं करना पंचायत सचिव को भारी पड़ गया। जिला पंचायत CEO गरियाबंद ने मामले को गंभीर मानते हुए फिंगेश्वर जनपद क्षेत्र के पंचायत सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
Gariabandगरियाबंद। सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित शिविर में प्रोटोकॉल उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद जिला पंचायत प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पंचायत CEO गरियाबंद द्वारा जारी आदेश के मुताबिक फिंगेश्वर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमखूंटा के सचिव कोमल राम साहू को निलंबित कर दिया गया है।
11 मई को लगा था जनसमस्या निवारण शिविर
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनशिकायतों के त्वरित निराकरण और विशेष अभियान के तहत “सुशासन तिहार-2026” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में 11 मई 2026 को ग्राम पंचायत पोखरा में जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया था।
मंच संचालन के दौरान हुई प्रोटोकॉल में चूक
शिविर में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक राजिम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इसी दौरान मंच संचालन कर रहे ग्राम पंचायत सचिव कोमल राम साहू पर विभागीय प्रोटोकॉल के पालन में चूक करने का आरोप लगा। जिला पंचायत CEO ने अपने आदेश में इसे छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के विपरीत माना है।
तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित

मामले को गंभीर मानते हुए कोमल राम साहू, सचिव ग्राम पंचायत कोसमखूंटा एवं बोरसी (अतिरिक्त प्रभार) को छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत फिंगेश्वर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
दूसरे सचिवों को सौंपा गया अतिरिक्त प्रभार
प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेवाराम ढीढी, सचिव ग्राम पंचायत लचकेरा को ग्राम पंचायत कोसमखूंटा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा कन्हैया सिन्हा, सचिव ग्राम पंचायत बिनौरी को आगामी आदेश तक ग्राम पंचायत बोरसी की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
Live Cricket Info


