CG News: छत्तीसगढ़ के संभागीय और जिला मुख्यालयों में स्थापित होगी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा, 10.60 करोड़ की स्वीकृति

जांजगीर- छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के संभागीय एवं जिला मुख्यालय वाले नगरीय निकायों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने उपमुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री अरुण साव की घोषणा के अनुरूप इस कार्य के लिए 10.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है।

गौरतलब है कि 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाई जाएगी। देश की एकता और अखंडता के लिए उनके योगदान और बलिदान को स्मरणीय बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।
सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा नेता प्रशांत सिंह ठाकुर ने इसे सुशासन सरकार का ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके बलिदान से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि एक समय जम्मू-कश्मीर में जाने के लिए परमिट व्यवस्था लागू थी, जिसके विरोध में डॉ. मुखर्जी ने आंदोलन का नेतृत्व किया था। इसी दौरान हिरासत में उनका निधन हो गया। “एक देश में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे” का उनका उद्घोष आज भी देश की एकता और अखंडता का प्रतीक माना जाता है।
प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने की दिशा में राज्य सरकार का यह निर्णय सराहनीय है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।

Live Cricket Info

