CG News: गलत बीज की शिकायत निकली बेबुनियाद, जांच में दोनों बोरियों का बीज मिला मानक स्तर का, किसान भी हुआ संतुष्ट

राज्य एवं जिला स्तरीय संयुक्त जांच दल ने मौके पर की जांच, सीलबंद बोरी खुलवाकर भी परखी गुणवत्ता
जांजगीर-चांपा। सिवनी चांपा के किसान रामाधार देवांगन द्वारा बीज की गुणवत्ता को लेकर की गई शिकायत की जांच में बीज निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। शिकायत मिलने के बाद राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय संयुक्त जांच दल किसान के खेत और घर पहुंचा, जहां बीज का परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान किसान के पास उपलब्ध पहले से खोली गई बीज की बोरी की जांच की गई, जिसमें बीज गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप मिला। इसके बाद जांच दल ने किसान की मौजूदगी में दूसरी सीलबंद बोरी भी खुलवाई। दूसरी बोरी के बीज का भी परीक्षण किया गया, जिसमें बीज पूरी तरह मानक स्तर का पाया गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान ने भी बीज की गुणवत्ता पर संतुष्टि व्यक्त की।
छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के बीज प्रक्रिया केंद्र खोखसा (जिला जांजगीर-चांपा) की उप प्रबंधक नम्रता उपाध्याय तिवारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही तत्काल राज्य एवं जिला स्तरीय संयुक्त जांच दल गठित कर मौके पर जांच कराई गई। जांच में किसान के पास उपलब्ध दोनों बीज नमूने निर्धारित गुणवत्ता एवं प्रमाणीकरण के मानकों के अनुरूप पाए गए।
उन्होंने बताया कि निगम किसानों को केवल प्रमाणित एवं गुणवत्ता युक्त बीज उपलब्ध कराता है तथा प्रत्येक बीज खेप का वितरण गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही किया जाता है। जांच में शिकायत की पुष्टि नहीं हुई और बीज पूरी तरह मानक स्तर का पाया गया।

Live Cricket Info

