
9 वारदातों का खुलासा, 2.5 लाख का माल बरामद, दोस्तों संग घूमने के लिए करता था झपटमारी
बस्तर पुलिस की घेराबंदी में दबोचा गया 19 वर्षीय आरोपी, कोर्ट ने भेजा जेल
Bastar News:- बस्तर पुलिस ने शहर में लगातार हो रही झपटमारी की वारदातों का खुलासा करते हुए महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर नकाबपोश बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी अब तक शहर के अलग-अलग इलाकों में 9 झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे चुका था। पुलिस ने उसके कब्जे से झपटमारी किए गए 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बस्तर। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और साइबर टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान और अंधेरी जगहों पर बैग लेकर जा रही महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाता था। वह पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचकर झपटमारी करता और मौके से फरार हो जाता था। बैग में रखे नकदी और आभूषण निकालने के बाद बैग और मोबाइल फेंक देता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजमन यादव (19 वर्ष), पिता संपत यादव, निवासी ग्राम कुथर, थाना मारडूम, जिला बस्तर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दोस्तों के साथ घूमने-फिरने के लिए पैसे जुटाने की नीयत से झपटमारी करता था।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कैसे हुई गिरफ्तारी
नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त टीम बनाकर प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और सुनसान इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही थी। धरमपुरा-कालीपुर क्षेत्र में हुई आखिरी झपटमारी के तुरंत बाद घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने कोतवाली थाना क्षेत्र में 5 और बोधघाट थाना क्षेत्र में 4, कुल 9 झपटमारी की वारदातें करना स्वीकार किया।
ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
28 जून को साकेत कॉलोनी निवासी रश्मि केशरवानी ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दंतेश्वरी मंदिर दर्शन के दौरान सिरहासार चौक के पास बाइक सवार नकाबपोश युवक उनका पर्स छीनकर फरार हो गया। इसके बाद 2 जुलाई को लालबाग और 5 जुलाई को धरमपुरा-कालीपुर अटल आवास क्षेत्र में भी उसी तरीके से झपटमारी की घटनाएं हुईं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर पूरे शहर में सघन निगरानी अभियान चलाया गया।
2.5 लाख का माल बरामद
आरोपी के कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 800 रुपये नकद सहित लगभग ढाई लाख रुपये का सामान बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा, रानी सोनी, अफसाना, सहायक उप निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, परिमल दास, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, राजेश राजपूत, राजू टोप्पो, आरक्षक सोनू गौतम, प्रदीप, हेमचंद, महेंद्र पटेल, मंहगू कश्यप, धर्मेंद्र सिंह, कृष्णा नेताम, रंगलाल खरे, अमर सिंह बेसरा, धनेश्वर यादव, तरुण कुमार यादव तथा महिला आरक्षक रीना अनंत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Live Cricket Info

