Bilaspur News:- अब घटनास्थल से ही जुटेंगे डिजिटल सबूत, 208 MDT डिवाइस से हाईटेक हुई बिलासपुर पुलिस

Bilaspur News:- बिलासपुर पुलिस के विवेचकों को नए आपराधिक कानूनों के तहत 208 MDT (मोबाइल डेटा टर्मिनल) डिवाइस दिए गए हैं। अब घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्य सीधे CCTNS पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे। इससे निजी मोबाइल के उपयोग की आवश्यकता खत्म होगी, जांच तेज होगी और न्यायालय में समय पर मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
बिलासपुर। नए आपराधिक कानूनों के तहत साक्ष्य संकलन (ई-साक्ष्य) को अत्याधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस को बड़ी तकनीकी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बिलासपुर जिले के विवेचकों को 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों का वितरण पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।
पुलिस मुख्यालय की पहल, हर विवेचक को मिलेगा तकनीकी सहयोग
कार्यक्रम में बताया गया कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद डिजिटल साक्ष्य (ई-साक्ष्य) के संकलन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने थानों और साइबर सेल के विवेचकों के लिए MDT (Mobile Data Terminal) डिवाइस उपलब्ध कराए हैं। बिलासपुर जिले को कुल 208 MDT डिवाइस आवंटित किए गए हैं।
अब निजी मोबाइल की नहीं होगी जरूरत
इन अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से अब विवेचकों को डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने के लिए अपने निजी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना पड़ेगा। इससे मोबाइल की मेमोरी फुल होने, डेटा डिस्टर्ब होने और डिजिटल साक्ष्यों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं भी समाप्त होंगी।
घटनास्थल से सीधे CCTNS पर अपलोड होंगे साक्ष्य
MDT डिवाइस की सहायता से विवेचक अब घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सीधे CCTNS (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और तेज होगी, वहीं विवेचना में भी तेजी आएगी।
जल्द दाखिल होगा चालान, मजबूत होगी अदालत में पैरवी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों के त्वरित अपलोड से न्यायालय में समय पर चालान प्रस्तुत करने में सुविधा होगी। इससे विवेचना की गुणवत्ता बढ़ेगी और अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य पेश कर उन्हें शीघ्र एवं कड़ी सजा दिलाने में मदद मिलेगी।
आधुनिक तकनीक से मजबूत होगी पुलिसिंग
कार्यक्रम के दौरान आईजीपी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी रजनेश सिंह ने विवेचकों से कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। MDT डिवाइस का अधिकतम उपयोग कर विवेचना को तकनीकी रूप से मजबूत, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि आम जनता को त्वरित और प्रभावी न्याय मिल सके।

Live Cricket Info


