CG News:- करही गोलीकांड में बड़ा अपडेट! मध्यप्रदेश से दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड भी गिरफ्तार ,एसपी विजय पांडेय की वापसी के बाद बदली जांच की दिशा, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा

जांजगीर–चांपा। करही गांव में हुई खूनी वारदात के बाद आखिरकार जांजगीर पुलिस जांच के उस मोड़ पर पहुंच गई है, जहां से अब बड़ा खुलासा कभी भी सामने आ सकता है। सूत्रों के मुताबिक, बहुचर्चित आयुष कश्यप हत्याकांड में पुलिस ने मध्यप्रदेश से दो आरोपियों को दबोच लिया है। वहीं, इस पूरे हमले के पीछे बताए जा रहे एक मास्टरमाइंड को भी हिरासत में लेने की खबर सामने आ रही है।
हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन अंदरखाने चल रही हलचल यह संकेत दे रही है कि केस अब लगभग सुलझ चुका है।
ट्रेनिंग से लौटे एसपी… और बदल गई जांच की दिशा
सूत्र बताते हैं कि जांजगीर–चांपा एसपी विजय कुमार पांडेय के ट्रेनिंग से लौटने के बाद इस हाईप्रोफाइल गोलीकांड की जांच में अचानक तेजी आई। एसपी ने खुद पूरे केस की मॉनिटरिंग शुरू की और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों को अलग–अलग दिशा में लगाया गया।
बताया जा रहा है कि कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और संदिग्ध नेटवर्क की निगरानी के बाद पुलिस की टीम मध्यप्रदेश तक पहुंची, जहां से आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
23 अप्रैल की रात चली थीं गोलियां
गौरतलब है कि 23-24 अप्रैल की रात बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में कांग्रेस नेता सम्मेलाल कश्यप के घर नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया था। ताबड़तोड़ फायरिंग में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौत हो गई थी, जबकि उसका भाई आशुतोष कश्यप घायल हो गया था।
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव लगातार बढ़ रहा था।
हजारों CCTV, सैकड़ों पूछताछ… तब जाकर मिली कड़ी
इस केस को सुलझाने के लिए पुलिस ने कई जिलों में दबिश दी। हजारों CCTV फुटेज खंगाले गए, मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। सूत्रों का दावा है कि इन्हीं तकनीकी सुरागों ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाया।
अब सबकी नजर पुलिस के खुलासे पर
फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लेकिन माना जा रहा है कि जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे गोलीकांड का पर्दाफाश किया जा सकता है।
करही गांव में अब एक ही चर्चा है — आखिर 23 अप्रैल की रात चली गोलियों के पीछे असली साजिश क्या थी… और किसने रची थी यह पूरी कहानी?
Live Cricket Info


