CG News:- सर्च ऑपरेशन के दौरान फटा IED, डिफ्यूज करते वक्त हुआ धमाका—चारों जवानों ने दी शहादत, इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी

CG News:- कांकेर–नारायणपुर सीमा के घने और नक्सल प्रभावित जंगलों में चल रहे डी–माइनिंग और एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा—माओवादियों द्वारा छिपाए गए IED को निष्क्रिय करते समय अचानक हुआ भीषण विस्फोट, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम के चार जांबाज जवान शहीद, पूरे इलाके में हाई अलर्ट के बीच सर्च ऑपरेशन और तेज
Kanker कांकेर,2 मई 2026। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र से चार जवानों की शहादत की बेहद दुखत खबर सामने आई है, कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज दिनांक 02 मई 2026 को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र, जो कांकेर–नारायणपुर जिले की सीमा पर स्थित संवेदनशील वन क्षेत्र है, वहां जिला पुलिस डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम को डी-माइनिंग, एरिया डॉमिनेशन एवं सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था।
इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए विस्फोटक उपकरणों की तलाश कर उन्हें निष्क्रिय करना था, ताकि सुरक्षा बलों की नियमित आवाजाही और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बताया गया कि अभियान के दौरान टीम को जंगल के भीतर एक संदिग्ध IED मिला, जिसे मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत निष्क्रिय करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया। इस अप्रत्याशित धमाके की चपेट में आकर डीआरजी के चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में
इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कांस्टेबल कृष्णा कोमरा और कांस्टेबल संजय गढ़पाले घटनास्थल पर ही वीरगति को प्राप्त हुए। वहीं गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल परमानंद कोर्राम को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार इस हादसे में कुल चार पुलिसकर्मी शहीद हो गए।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से प्राप्त सूचनाओं और अन्य खुफिया इनपुट्स के आधार पर सुरक्षा बलों ने बस्तर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पहले से छिपाए गए IED बरामद कर उन्हें सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया है। लगातार चल रहे इन अभियानों के चलते क्षेत्र में कई विस्फोटक उपकरणों को नष्ट किया गया है, जिससे बड़ी घटनाओं को टाला भी गया है।
हालांकि, आज की यह घटना उस समय हुई जब कांकेर पुलिस की टीम एक IED को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया में जुटी हुई थी। तकनीकी या परिस्थितिजन्य कारणों से IED अचानक विस्फोटित हो गया, जिसके परिणामस्वरूप यह गंभीर हादसा हुआ। प्रारंभिक तौर पर इसे एक आकस्मिक विस्फोट माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच की प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सर्च ऑपरेशन को और अधिक सघन कर दिया गया है। अतिरिक्त बलों को मौके पर रवाना किया गया है और आसपास के इलाकों में संभावित अन्य IED की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

Live Cricket Info

