CG News: भाजपा नेता समेत तीन हत्याओं के बाद हरकत में पुलिस, वाड्रफनगर में जुटे चार राज्यों के अफसर, रेत माफिया से लेकर ड्रग तस्करों तक पर बने एक्शन प्लान

CG News: सीमाओं का फायदा उठाकर वारदात करने वाले अपराधियों की अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। बलरामपुर के वाड्रफनगर में छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड के पुलिस अफसर एक ही टेबल पर बैठे। मकसद साफ था—रेत माफिया, ड्रग तस्कर, मवेशी तस्करी और दूसरे अंतरराज्यीय अपराधों पर मिलकर ऐसा शिकंजा कसना कि अपराधी किसी भी राज्य की सीमा में जाकर बच न सकें।
बलरामपुर। भाजपा नेता समेत तीन लोगों की हत्या के बाद सीमावर्ती इलाकों में कानून–व्यवस्था को लेकर पुलिस ने अपनी रणनीति और तेज कर दी है। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में चार राज्यों के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बॉर्डर मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में अपराधियों पर संयुक्त कार्रवाई, सूचनाओं के त्वरित आदान–प्रदान और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस समन्वय को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

इन अपराधों पर सबसे ज्यादा रहा फोकस
बैठक के दौरान अवैध रेत उत्खनन और परिवहन, मवेशी तस्करी, गांजा, शराब और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, सीमावर्ती चेक पोस्टों पर नियमित जांच, नाकाबंदी अभियान और लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया गया। अधिकारियों ने माना कि इन अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चारों राज्यों की पुलिस के बीच लगातार तालमेल जरूरी है।
अपराधियों का रिकॉर्ड होगा साझा, जांच में नहीं आएगी रुकावट
बैठक में यह भी तय हुआ कि सीमा से जुड़े अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड चारों राज्यों की पुलिस आपस में साझा करेगी। इससे अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा। अलग–अलग राज्यों में दर्ज मामलों की जांच के दौरान आने वाली दिक्कतों पर भी चर्चा हुई। साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे निपटने की रणनीति पर भी अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए।
एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े रहेंगे सभी अधिकारी
सीमावर्ती इलाकों में किसी भी घटना की जानकारी बिना समय गंवाए एक–दूसरे तक पहुंचे, इसके लिए चारों राज्यों के सीमावर्ती पुलिस अधिकारियों का साझा व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का फैसला लिया गया। इसके जरिए संदिग्धों की जानकारी, अपराधियों की आवाजाही और अन्य जरूरी सूचनाएं तत्काल साझा की जाएंगी, ताकि मौके पर ही कार्रवाई की जा सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उत्तर प्रदेश से थाना प्रभारी बभनी निरीक्षक डीपी यादव, मध्य प्रदेश से सीएसपी विंध्यनगर (सिंगरौली) उमेश प्रजापति, थाना प्रभारी बैढ़न निरीक्षक अशोक सिंह परिहार और थाना प्रभारी सासन उप निरीक्षक संदीप नामदेव शामिल हुए।
झारखंड की ओर से एसडीपीओ बंशीधरनगर सत्येंद्र नारायण सिंह और थाना प्रभारी धुरकी उप निरीक्षक जनार्दन राऊत मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ की ओर से थाना प्रभारी सनावल निरीक्षक बृजलाल भारद्वाज, थाना प्रभारी रघुनाथनगर उप निरीक्षक रघुनाथ सिंह मरावी, चौकी प्रभारी वाड्रफनगर उप निरीक्षक डाकेश्वर सिंह, चौकी प्रभारी बलंगी उप निरीक्षक बृजमोहन गुप्ता सहित अन्य प्रशिक्षु उप निरीक्षक बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने भरोसा जताया कि अगर इसी तरह सूचनाओं का तेजी से आदान–प्रदान होता रहा और संयुक्त कार्रवाई जारी रही, तो सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय अंतरराज्यीय अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

Live Cricket Info

