5 जुलाई से खुल सकते हैं अरपा भैंसाझार बैराज के गेट, जल संसाधन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

बिलासपुर- जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते अरपा भैंसाझार बैराज का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग, कोटा ने आम नागरिकों के लिए सतर्कता संबंधी प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। विभाग के अनुसार वर्तमान में बैराज लगभग 50 प्रतिशत तक भर चुका है और जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। यदि आगामी दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहा और जलभराव निर्धारित स्तर तक पहुंचा, तो 5 जुलाई 2026 से बैराज के गेट खोले जा सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि गेट खोलने का अंतिम निर्णय जलस्तर और मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद लिया जाएगा। गेट खुलने की स्थिति में अरपा नदी में जल प्रवाह अचानक बढ़ सकता है, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों, मछुआरों, पशुपालकों तथा नदी में नहाने या अन्य गतिविधियों के लिए जाने वाले लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी में प्रवेश न करें तथा नदी के किनारे जाने से भी बचें। विशेष रूप से बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
विभाग द्वारा जारी सूचना की प्रतिलिपि कलेक्टर बिलासपुर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

जल संसाधन विभाग कोटा – “बैराज का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थिति पर विभाग की लगातार निगरानी है। आवश्यकता पड़ने पर 5 जुलाई से बैराज के गेट खोले जा सकते हैं। नागरिकों से अपील है कि वे नदी के पास न जाएं, किसी भी प्रकार का जोखिम न लें तथा केवल विभाग और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें

Live Cricket Info



