CG News:- ऑपरेशन तलाश: 426 गुमशुदा लोग मिल गए… लेकिन सवाल ये है कि वो गुम क्यों हुए?

CG News:- ऑपरेशन तलाश” में बड़ी सफलता एक माह में 426 गुमशुदा लोगों को परिवार से मिलाया 7 बालक, 31 बालिकाएं, 272 महिलाएं और 116 पुरुष शामिल पांच राज्यों में चलाया गया सघन सर्च ऑपरेशन डीडी नगर, उरला और पुरानी बस्ती थाने रहे अव्वल 48 घंटे में सोलापुर से नाबालिग की बरामदगी, पुलिसकर्मियों को मिलेगा सम्मान
Raipur रायपुर, मई 2026। राजधानी रायपुर में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश को लेकर चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। अप्रैल 2026 के दौरान चलाए गए इस अभियान में कुल 426 गुम बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को खोजकर सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, दस्तयाब किए गए व्यक्तियों में 7 बालक, 31 बालिकाएं, 272 महिलाएं एवं 116 पुरुष शामिल हैं। सभी को आवश्यक सत्यापन के बाद सुरक्षित रूप से उनके परिवारों को सुपुर्द किया गया।
पांच राज्यों में चलाया गया सघन सर्च ऑपरेशन
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने राज्य की सीमाओं से बाहर जाकर भी कार्रवाई की। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर सघन खोजबीन कर गुमशुदा व्यक्तियों को दस्तयाब किया गया। इससे स्पष्ट है कि पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर समन्वय बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
थाना स्तर पर गठित हुई विशेष टीमें
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में कमिश्नरेट के तीनों जोन के उपायुक्तों द्वारा थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने तकनीकी संसाधनों और मानवीय सूचना तंत्र (इंटेलिजेंस नेटवर्क) का प्रभावी उपयोग करते हुए अभियान को सफल बनाया।
इन थानों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
अभियान के दौरान थाना स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों में—
- प्रथम: डीडी नगर थाना
- द्वितीय: उरला थाना
- तृतीय: पुरानी बस्ती थाना
इन थानों ने सर्वाधिक सक्रियता दिखाते हुए गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
48 घंटे में नाबालिग अपहृता की बरामदगी
अप्रैल माह में थाना उरला में दर्ज एक नाबालिग अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचकर अपहृता को दस्तयाब किया। बाद में उसे सुरक्षित उसके माता–पिता को सौंप दिया गया।
अभियान जारी रहेगा, उत्कृष्ट कार्य पर मिलेगा सम्मान
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया जा सके।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।

Live Cricket Info


