किरारी-तरौद संकुल में शिक्षा की गुणवत्ता को मिलेगी नई दिशा, रविन्द्र शर्मा बने शैक्षिक समन्वयक

अकलतरा। अकलतरा विकासखंड के किरारी-तरौद संकुल में नवनियुक्त शैक्षिक समन्वयक के रूप में रविन्द्र शर्मा की नियुक्ति की गई है। उनकी नियुक्ति से संकुल क्षेत्र के शिक्षकों में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में विद्यालयों की अकादमिक गतिविधियों और शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
नवनियुक्त शैक्षिक समन्वयक रविन्द्र शर्मा ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार संकुल के सभी विद्यालयों में अकादमिक गुणवत्ता को मजबूत बनाने के लिए समेकित एवं प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार, नियमित शैक्षणिक मॉनिटरिंग तथा नवाचारों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि संकुल प्राचार्य अंजूला सोनी के मार्गदर्शन में किरारी-तरौद संकुल के सभी विद्यालयों में ई-अटेंडेंस प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ-साथ शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। साथ ही विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों के सहयोग से सतत प्रयास किए जाएंगे।
रविन्द्र शर्मा की नियुक्ति को शिक्षा व्यवस्था को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े लोगों को विश्वास है कि उनके कार्यकाल में संकुल के विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और बेहतर होगी।
Live Cricket Info



