CG News: “कोयला ठेका, 80 लाख और फिर रेप केस!”गिरफ्तारी से पहले कारोबारी का VIDEO VIRAL, भाजपा नेत्री पर लगाए गंभीर आरोप, पैसा मांगा तो दुष्कर्म केस में फंसा दिया”…

CG News: बिलासपुर का हाईप्रोफाइल रेप केस अब सिर्फ दैहिक शोषण का मामला नहीं रह गया है। इस केस में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आरोपी कारोबारी ने गिरफ्तारी से पहले वीडियो जारी कर पूरी कहानी ही पलट दी। वीडियो में कारोबारी ने भाजपा नेत्री पर कोयला खदानों में ठेका दिलाने के नाम पर 80 लाख रुपये लेने, बड़े नेताओं के नाम इस्तेमाल करने और पैसा मांगने पर रेप केस में फंसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
बिलासपुर। शुक्रवार सुबह तक पूरे शहर में यही चर्चा थी कि भाजपा नेत्री कथित तौर पर दैहिक शोषण और आर्थिक धोखाधड़ी की शिकार हुई हैं। लेकिन रांची निवासी कारोबारी और कोयला ठेकेदार संजय सिंह का वीडियो सामने आने के बाद कहानी अचानक पलटती नजर आने लगी। वीडियो में संजय सिंह बेहद भावुक दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान उनकी आंखों में आंसू तक नजर आए।
“कोयला ठेका दिलाने के नाम पर लिए 80 लाख”
वीडियो में संजय सिंह दावा कर रहे हैं कि भाजपा नेत्री से उनकी पहचान कारोबारी और सामाजिक संपर्कों के जरिए हुई थी। इसके बाद ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कोल माइंस से जुड़े ठेके दिलाने का भरोसा देकर उनसे करीब 80 लाख रुपये लिए गए।
संजय सिंह का आरोप है कि उन्हें राजनीतिक पहुंच और बड़े संपर्कों का हवाला दिया गया। वीडियो में उन्होंने कहा कि अभिषेक सिंह, अलका सिंह और तड़का देव सिंह जैसे नामों का इस्तेमाल करते हुए भरोसा दिलाया गया कि कोल माइंस और ठेकों तक पहुंच बनाई जा सकती है।
“पैसा मांगा तो रेप केस दर्ज करा दिया”
वीडियो में कारोबारी कहते सुनाई दे रहे हैं कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की, तभी उनके खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज करा दिया गया। उनका दावा है कि यह पूरा मामला आर्थिक विवाद से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब सात महीनों से दोनों के बीच कोई आमने–सामने मुलाकात नहीं हुई थी। सिर्फ मोबाइल फोन के जरिए कारोबार से संबंधित बातचीत होती रही। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि जब लंबे समय से व्यक्तिगत संपर्क ही नहीं था, तब दैहिक शोषण का आरोप कैसे लगाया जा सकता है।
“21 तारीख को रायपुर में हुई थी बात”
वीडियो में संजय सिंह ने कहा कि वे लगातार अपनी रकम वापस मांग रहे थे। उनके मुताबिक 21 तारीख को रायपुर में फोन पर बातचीत हुई थी, जहां उन्हें भरोसा दिया गया कि पैसा लौटा दिया जाएगा।संजय सिंह का दावा है कि इसके बाद कुछ लोग थार गाड़ी से पहुंचे, उनसे बैंक अकाउंट नंबर लिया गया, लेकिन बाद में मोबाइल फोन बंद कर दिया गया और रकम वापस नहीं की गई।उन्होंने वीडियो में खुद को मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान बताते हुए कहा कि पैसों के विवाद के बाद उन पर गंभीर आपराधिक आरोप लगा दिए गए।
भाजपा नेत्री ने दर्ज कराई थी FIR
इधर भाजपा नेत्री ने बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में संजय सिंह के खिलाफ ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और दैहिक शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी। FIR दर्ज होने के बाद बिलासपुर पुलिस की टीम रांची पहुंची और कानूनी कार्रवाई करते हुए संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के तुरंत बाद वीडियो सामने आने से मामला अब और ज्यादा संवेदनशील हो गया है। पुलिस फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
सोशल मीडिया पर प्रोफाइल खंगालने की लगी होड़
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा नेत्री की प्रोफाइल तेजी से वायरल होने लगी। फेसबुक अकाउंट में कई प्रभावशाली नेताओं, राजनीतिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं।उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को कई राष्ट्रीय संगठनों और पर्यावरण मंचों से जुड़ा बताया है। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक वे पिछले कई वर्षों से सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ गतिविधियों के जरिए सक्रिय नेटवर्क तैयार कर रही थीं।
कोटा विधानसभा से चुनाव लड़ने की थी तैयारी
सूत्रों की मानें तो भाजपा नेत्री लंबे समय से कोटा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा संगठन के सामने जताती रही हैं। बताया जा रहा है कि वे राजनीतिक रूप से सक्रिय भूमिका में आने की तैयारी कर रही थीं और इसी को लेकर लगातार क्षेत्र में नेटवर्क मजबूत कर रही थीं।
भाजपा संगठन और सत्ता में भी बेचैनी
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर नजर आ रहा है, वहीं भाजपा संगठन और सत्ता के भीतर भी बेचैनी महसूस की जा रही है। कई नेता और कार्यकर्ता निजी बातचीत में पूरे मामले को लेकर अलग–अलग तरह की आशंकाएं और सवाल उठा रहे हैं, हालांकि सार्वजनिक तौर पर फिलहाल कोई खुलकर सामने नहीं आ रहा।
वीडियो वायरल होने के बाद अब यह मामला केवल दुष्कर्म या आर्थिक विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राजनीतिक संपर्क, कारोबारी लेन–देन और सत्ता के नेटवर्क तक पहुंच गया है।
Live Cricket Info

